नरसिंहपुर के चीचली थाना इलाके में जन्मदिन के जश्न के दौरान बंदूक से फायरिंग करने का मामला सामने आया है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट होते ही पुलिस ने एक्शन लिया और एक युवक को हिरासत में ले लिया है। यह पूरा मामला गाडरवारा के आड़ेगांव खुर्द का है। वीडियो में प्रदीप कौरव के भतीजे के जन्मदिन समारोह में कुछ लोग बंदूक से हवाई फायरिंग करते दिख रहे थे। चीचली पुलिस ने इस वीडियो पर खुद संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। आरोपी का है आपराधिक रिकॉर्ड गाडरवारा एसडीओपी ललित डागुर ने बताया कि पुलिस ने प्रदीप कौरव को हिरासत में लिया है। जांच में पता चला है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। पुलिस अब उस पर कार्रवाई कर रही है। हथियार के लाइसेंस की जांच शुरू पुलिस अब इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल हुई बंदूक किसकी थी? वह हथियार लाइसेंस वाला है या अवैध, और कार्यक्रम में उसे कौन लेकर आया था? पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और हर्ष फायरिंग जैसी घटनाओं को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।


