नरसिंहपुर में नवनिर्मित संजीवनी क्लिनिक की छत गिरी:इलाज कर रहे डॉक्टर और सहायक को लगी चोट, मंत्री प्रहलाद ने किया था उद्घाटन

नरसिंहपुर जिले के करेली में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां रामवार्ड स्थित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक की छत का छज्जा अचानक गिर गया। इस मलबे की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अमित चौधरी और उनका सहायक घायल हो गए। डॉ. अमित चौधरी ने बताया कि वे अपने केबिन में बैठकर मरीज की जांच कर रहे थे, तभी अचानक छत का एक हिस्सा टूटकर उनके ऊपर गिर गया। इस हादसे में डॉक्टर के सिर और नाक पर चोटें आई हैं। अचानक हुए इस वाकये से क्लिनिक में भगदड़ और डर का माहौल बन गया। निर्माण की क्वालिटी पर उठे गंभीर सवाल करीब 17 लाख 58 हजार रुपए की लागत से तैयार इस क्लिनिक का लोकार्पण दिसंबर 2024 में कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया था। महज सात महीने पहले हैंडओवर लिए गए नए भवन की छत गिर जाने से इसके घटिया निर्माण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। जांच और कार्रवाई का आश्वासन घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया है। डूडा परियोजना अधिकारी नीलम चौहान ने कहा है कि मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी इसके लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *