नर्मदापुरम और इटारसी नगर की बिगड़ी कानून व्यवस्था और बेतरतीब यातायात व्यवस्था के खिलाफ बुधवार को कांग्रेस ने आवाज उठाई। नर्मदापुरम और इटारसी नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के नेतृत्व में जिला अध्यक्ष शिवकांत पांडे ने एसपी सांई कृष्णा थोटा को शाम 4 बजे ज्ञापन सौंपकर समस्या बताई। जिला अध्यक्ष शिवकांत पांडे ने बताया नर्मदापुरम और इटारसी शहर शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है, जगह-जगह बेतरतीब गाड़ियां खड़ी रहती है। जिनके कारण नगर के लगभग हर चौराहों पर जाम लगा रहता है। शहर में रेत कि ट्रालिया धडल्ले से तेज रफ़्तार दौड़ती रहती है, जिससे छुटपुट दुर्घटना होती है। तेज रफ़्तार दो पहिया वाहन बिना सिलेंसर जाली के स्टंट करते पूरे शहर में घूमते रहते है, यातायात पुलिस व्यवस्था के नाम पर सिर्फ चालानी कार्रवाई करती है। शहर में कानून व्यवस्था कि स्थति भी ठीक नहीं है। इटारसी में कुछ ढाबों पर खुलेआम शराब पिलाई जा रही है। जिसमें पथरौटा नहर के पास स्थित रंजीत ढाबा है। ढाबों के नाम हमने एसपी को बताएं है। जिसमें कार्रवाई और व्यवस्था सुधारने की मांग है। इस अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमलेश बाथरे, कन्हैया गोस्वामी, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, अनोखी राजौरिया, अजय सैनी, फैज़ानुल हक, संतोष तोमर, बबलू राठौर, कीर्ति मिश्रा सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


