नर्मदापुरम में घर-घर बिकने आ रहे खुले दूध की क्वालिटी जांचने के लिए शुक्रवार को चैकिंग अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र राणा, कमलेश दियावार ने सुबह 10.30 बजे चक्कर रोड चौराहे पर फेरी लगाकर दूध बेचने वालों को रोककर चैकिंग की। खाद्य विभाग की चलित गाड़ी के माध्यम से अधिकारी ने दूध के सैंपल लिए। अचानक हुई चैकिंग से फेरी लगाकर दूध बेचने वालों में हड़कंप मच गया। चैकिंग के डर से मालाखेड़ी, माखननगर रोड पर दूध डेयरी वाले भी दुकान बंद कर दी। आधे घंटे चली चैकिंग में टीम ने फेरी लगाकर दूध बेचने वाले 12 लोगों को पकड़ा। बेचने के लिए रखे दूध के सैंपल लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र राणा ने बताया दूध के 20 सैंपल लिए है। सैंपल की तत्काल जांच की। फिलहाल कुछ जांच में सामने नहीं आया। कुछ सैंपल को स्टेट लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा।


