नर्मदापुरम जिले के बानापुरा रेंज के बांसपानी के जंगल में टाइगर का शिकार करने वाले 3 शिकारियों को टाइगर स्ट्राइक फोर्स और वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। शिकार के तीनों आरोपी बांसपानी गांव के रहने वाले है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि टाइगर की मौत बिजली के करंट से हुई थी। उन्होंने बताया कि जंगली सूअर के लिए फंदा लगाया था, लेकिन उसमें टाइगर फंस गया। बिजली करंट होने से उसकी मौत हो गई। तीनों ने टाइगर के शव को घसीटकर झाडियों में छिपा दिया था। इसके बाद वे गांव में चले गए। टाइगर स्ट्राइक फोर्स और वन विभाग की टीम ने खोजबीन के बाद बांसपानी से तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। उन्होंने कहा कि टाइगर की मौत फंदे में बिजली के करंट लगने से हुई थी। वन विभाग की टीम ने शिकारियों के पास से तार और फंदा लगाने की खूंटिया जब्त कर ली गई हैं। वन विभाग के अनुसार 11 दिसंबर बुधवार को बांसपानी के जंगलों में झाड़ियों में टाइगर का शव मिला था। शव मिलने के बाद से शिकारियों को पकड़ने के लिए वन विभाग और टाइगर स्ट्राइक फोर्स की टीमें तीन दिनों से तलाशी अभियान चला रही थी। रविवार को टीम ने ग्राम बांसपानी से शिकारी कैलाश कोरकू, पिंटा और राम रतन को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पूछताछ में शिकारी टूट गए। उन्होंने बताया कि वाइल्ड बोर (जंगली शूकर ) आदि को पकड़ने के लिए बिजली के तार का फंदा लगाया था। सुबह जाकर देखा तो उसमें टाइगर मृत मिला। तीनों ने टाइगर के शव को घसीटकर झाडियों में छिपा दिया था। इसके बाद वे गांव में चले गए। आरोपियों की निशानदेही पर अमले ने फंदा बनाने के लिए उपयोग किए गए बिजली के तार और फंदा गाड़ने के लिए जमीन में लगाने वाली लकड़ी की खुंटियां जब्त कर ली हैं। टाइगर स्ट्राइक फोर्स और वन विभाग की टीमें आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं। आज सोमवार को मामला का खुलासा किया जाएगा। दांत, नाखून और पूंछ के बालों की तलाश जारी शिकारियों ने टाइगर के शव से नाखून और केनाइन दांत निकालने से इंकार कर दिया है। इससे घटना में अन्य आरोपियों के शामिल होने का संदेह है। टीम अन्य आरोपियों और बाघ के नाखून, दांत और पूंछ के बाल की भी तलाश करने में जुटी है। टाइगर की मौत मामले में 3 लोगों को पकड़ा सीसीएफ अशोक कुमार चौहान ने बताया टाइगर की मौत के मामले में बांसपानी से 3 लोगों को पकड़ा है। इनके पास से बिजली के तार और फंदा लगाने वाली खूंटियां जब्त की गई हैं। दांत और नाखून की तलाश की जा रही है। करंट लगने से बाघ की मौत की बात सामने आ रही है। मामले में कार्रवाई जारी है।


