भास्कर न्यूज । इटखोरी धुना नवनिर्मित देवी मंडप प्राण प्रतिष्ठा को लेकर आयोजित नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ महोत्सव के तीसरे दिन शनिवार को यज्ञ मंडप में पुरोहितों ने बेदी पूजन एवं दुर्गा सप्तशती का पाठ विधि विधान से की। इसके बाद यहां यज्ञाचार्य भोला पांडेय एवं उनके सहयोगी पुरोहितों ने यज्ञ मंडप में बनें हवन कुंड में विश्व शांति के लिए जौ, तिल, गुड़, मधु एवं घी इत्यादि पूजा सामग्रियों से आहुति दी। यज्ञ के दौरान प्रयागराज से आई प्रवचन कर्ता रंजना मिश्रा द्वारा नित्य दिन की संध्या धार्मिक प्रवचन दिया जा रहा है। वहीं यज्ञशाला का परिक्रमा करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। यज्ञ को लेकर ध्वनि यंत्र पर यज्ञाचार्य एवं सहयोगी पुरोहितों द्वारा पढ़े जा रहे वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा गांव भक्तिमय हो गया है। यज्ञ को सफल बनाने में धुना यज्ञ समिति के सदस्य एवं गांव के ग्रामीण जुटे हुए हैं।