भास्कर न्यूज | नारायणपुर राज्य सरकार द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश के तहत जिले की नवपदस्थ महिला कलेक्टर नम्रता जैन ने कार्यभार संभाला। वह नारायणपुर जिले की 17वीं और दूसरी महिला कलेक्टर हैं। कलेक्टर नम्रता जैन 2019 बैच की आईएएस अधिकारी हैं, वे इसके पूर्व अपर कलेक्टर रायपुर तथा अति. प्रभार सेंटर प्रभारी, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के पद पर पदस्थ थीं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर ने अपर कलेक्टर कक्ष, अपर कलेक्टर न्यायालय, कलेक्टोरेट स्टॉफ कक्ष, नजूल शाखा, प्रतिलिपि शाखा, स्थानीय निर्वाचन एवं सामान्य निर्वाचन, भू-अभिलेख शाखा, अभिलेखागार, डायवर्सन शाखा, जिला आबकारी कार्यालय, खनिज विभाग, आदिवासी विकास विभाग, परियोजना कार्यालय, जिला शिक्षा विभाग, जिला विपणन, खाद्य, श्रम विभाग, जनसंपर्क, पालना घर, अंत्यावसायी, जिला योजना एवं सांख्यिकी, वित्त शाखा, राजस्व शाखा, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, जिला कोषालय, एनआईसी कक्ष, स्वॉन कक्ष, अधीक्षक कक्ष, स्टेनो कक्ष, जिला योजना एवं सांख्यिकी, जिला रोजगार, अबूझमाड़ विकास प्राधिकरण, सामान्य शाखा आदि कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला कोषालय के डबल लॉकर कक्ष का अवलोकन किया। अफसरों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए कलेक्टर ने जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर अफसरों को समाधान करने के निर्देश दिए। राजस्व शाखा में आत्मसमर्पित नक्सलियों से मुलाकात के दौरान शनिराम एवं सुशीला को मुख्यमंत्री कन्या विवाह में शामिल कराने के लिए एसडीएम ओरछा को निर्देशित किया। गुट्टाकार से आये हितग्राही को श्रमिक कार्ड बनाकर बच्चों को छात्रवृत्ति से लाभांवित करने के निर्देश श्रम अधिकारी को दिये। ग्रामीणों ने बताया कि नक्सलियों की धमकी की वजह से गांव छोड़कर चले गए थे, अब पुनः गांव में जाकर बसने और नक्सल पीड़ित सूची में नाम शामिल करने गुहार लगाई।


