नववर्ष 2026 के स्वागत में सरगुजा जिले में भी लोगों ने खूब जाम छलकाए। सरगुजा जिले में 31 दिसंबर को शराब की बिक्री ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 31 दिसंबर को एक दिन में ही 93 लाख रुपए से अधिक की शराब बिकी। वहीं नववर्ष के पहले दिन भी शराब दुकानों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। दो दिनों में ही सवा करोड़ से अधिक की शराब लोग पी गए। सरगुजा जिले में आबकारी विभाग की 9 शराब दुकानें हैं। इनमें प्रीमियम दुकान भी शामिल है। नववर्ष के जश्न के लिए 31 दिसंबर 2025 को देसी और विदेशी शराब की जमकर बिक्री हुई। 31 दिसंबर को एक दिन की बिक्री 93 लाख 30 हजार 800 रुपए की हुई। यह आंकड़ा पिछले साल 2024 में 31 दिसंबर को हुई 68 लाख रुपए की बिक्री से करीब 25 लाख रुपए ज्यादा है। वहीं नववर्ष के पहले दिन भी जमकर शराब बिकी। दो दिनों में ही सरगुजा के लोग सवा करोड़ से अधिक की शराब पी गए। प्रीमियम दुकान में सबसे ज्यादा बिकी शराब
अंबिकापुर शहर के गांधी चौक के पास स्थित प्रीमियम शराब दुकान में सबसे अधिक बिक्री दर्ज की है। 31 दिसंबर को अकेले प्रीमियम शॉप में 18.93 लाख रुपए की शराब बेची गई। यह दुकान जिले में नंबर वन रही। प्रीमियम दुकान में 1000 रुपए से अधिक कीमत वाली महंगी शराबे उपलब्ध होती हैं, जिसकी वजह से यहां सबसे ज्यादा ग्राहक पहुंचे। सरगुजा जिला शराब बिक्री के मामले में पिछले साल से काफी ज्यादा रहा। नववर्ष के पहले दिन प्रीमियम शराब दुकान के साथ ही पर्यटन स्थल मैनपाट के शराब दुकान में जमकर शराब बिकी। नववर्ष के पहले दिन बड़ी संख्या में लोग पर्यटन स्थलों में और पिकनिक के लिए गए थे। अवैध शराब पर विभाग की कड़ाई
सरगुजा में दूसरे राज्यों की शराब भी जमकर खपाई जाती है। 31 दिसंबर को आबकारी उड़नदस्ते ने 40 लाख रुपए की अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी थी। इसके बावजूद जिले में बड़ी मात्रा में अवैध शराब खपाए जाने की आशंका है। कोचियों द्वारा ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब का अलग-‘अलग भंडारण किया जाता है, जहां तक आबकारी विभाग नहीं पहुंच पाता है।


