नव वर्ष के अवसर पर सतना जिले की धार्मिक नगरी चित्रकूट और बिरसिंहपुर स्थित गैविनाथ धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने भी सपरिवार चित्रकूट पहुंचकर भगवान कामतानाथ के दर्शन किए। उप मुख्यमंत्री शुक्ला ने भगवान कामतानाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। दर्शन के उपरांत उन्होंने कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा भी की। मंदिर परिसर और परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। नव वर्ष के पहले दिन चित्रकूट में देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने कामदगिरि की परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया। परिक्रमा मार्ग पर “जय श्रीराम” और “जय कामतानाथ” के जयघोष गूंजते रहे। प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं। अन्य धार्मिक स्थलों पर भी भीड़ रही
सतना जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी नव वर्ष के अवसर पर भारी भीड़ देखी गई। बिरसिंहपुर स्थित प्राचीन गैवीनाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक कर नए साल का आशीर्वाद लिया। इसी क्रम में, आध्यात्मिक शांति और साधना के केंद्र परमहंस आश्रम धारकुंडी में गुरुवार को अनंत विभूषित स्वामी सच्चिदानंद महाराज का 102वां प्रकटोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर आश्रम परिसर में देश भर से लगभग दो लाख श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना थी। प्रकटोत्सव का शुभारंभ गुरुवार सुबह 5 बजे बड़े आश्रम में स्थित धूनी ग्रह दर्शन और पवित्र गुफा स्थल पर विशेष पूजन-अर्चन से हुआ। आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर इस गुफा स्थल पर महाराज जी ने लंबी साधना की थी, जो भक्तों के लिए विशेष श्रद्धा का केंद्र है। महोत्सव के दौरान आश्रम की परंपरा के अनुसार आत्म शांति और जनकल्याण की कामना के साथ भव्य रुद्र यज्ञ का आयोजन भी किया गया। आश्रम परिसर में अखंड रामचरितमानस पाठ और अखंड कीर्तन की गूंज रही। साधकों द्वारा विशेष महामृत्युंजय मंत्रों का जाप किया गया। भक्तों की सुविधा के लिए बदलापुर आश्रम (मुंबई) से लाइव दर्शन दिए।


