नववर्ष-2025:400 करोड़ से सड़क-पुलिया, स्कूल निर्माण-जीर्णोद्धार होंगे, टीबी हॉस्पिटल में 150 बेड का नया ब्लॉक बनेगा

नए साल में रेलवे, चिकित्सा, पर्यटन और नगर निगम-यूडीए की ओर से शहर को कई सौगातें मिलेंगी। डीएमएफटी के तहत नए साल-2025 में 400 करोड़ रुपए के नए विकास कार्यों-जीर्णाेद्धारों की सौगात मिलेगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100-100 स्कूल भवनों की 5-5 लाख रुपए से मरम्मत होगी और नए कक्षा-कक्ष बनाए जाएंगे। भुवाणा में पेयजल प्रबंधन पर 8.50 करोड़ खर्च किए जाएंगे। केसरियाजी मार्ग की नदी पर 4 करोड़ की लागत से पुलिया निर्माण व सड़क सुदृढ़ीकरण के काम होंगे। बड़ी स्थित टीबी हॉस्पिटल में 150 बेड के नए ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। इस पर 10 करोड़ की लागत आएगी। सभी विधानसभाओं में नवीन सड़कों-पुलियाें आदि के निर्माण-मरम्मत कार्य होंगे। चिकित्सा विभाग- किडनी ट्रांसप्लांट शुरू होने की संभावना, दो ओटी तैयार आरएनटी मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में किडनी ट्रांसप्लांट यूनिट शुरू होगी। यहां ट्रांसप्लांट आईसीयू बनकर तैयार है। ट्रांसप्लांट के लिए दो ऑपरेशन थिएटर (ओटी) भी बने हुए हैं। दोनों को जोड़कर ट्विन ओटी तैयार किया जाएगा। इसके बाद एक ओटी में किडनी निकाली जाएगी और दूसरे में ट्रांसप्लांट की जा सकेगी। जल्द ही यह काम भी शुरू होगा। किडनी के मरीजों को ट्रांसप्लांट के लिए अहमदाबाद, जयपुर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। स्पाइन ट्रॉमा का विस्तार होगा
न्यूरो सर्जरी स्पाइन ट्रॉमा का विस्तार होगा। स्पाइनल इंजरी के ट्रीटमेंट के लिए ढाई करोड़ के नए उपकरण लाए जाएंगे। इसमें स्पाइनल इंजरी के ट्रीटमेंट के लिए नेविगेशन सिस्टम इस्तेमाल किया जाएगा। इससे मरीजों को फायदा होगा। सैटेलाइट में 50 नए बेड होंगे
अंबामाता स्थित सेटेलाइट हॉस्पिटल को 50 बेड से 100 बेड का किया जाएगा। इसमें नए वार्ड, आईसीयू, ओटी आदि बनेंगे। यहां नए डॉक्टरों, नर्स व अन्य स्टाफ के नए पदों का सृजन होगा। संभाग का सबसे बड़ा अस्पताल होने के चलते एमबी अस्पताल में मरीजों का लोड काफी बढ़ जाता है। अंबामाता अस्पताल का विस्तार होगा तो यहां एकसाथ ज्यादा मरीजों का इलाज हो पाएगा। रेलवे… सिटी स्टेशन रीडवलपमेंट के तहत पार्किंग-सेकंड एंट्री गेट खुलेगा, नई सुविधाएं भी उदयपुर सिटी स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने के लिए 354 करोड़ की लागत के काम जारी हैं। इसकी सुविधा नए साल में यात्रियों को मिलने लगेगी। नवंबर 2022 से शुरू हुए इस प्रोजेक्ट का अभी तक 30-40% काम पूरा हुआ है। इसमें दो नंबर गेट पर बिल्डिंग और एक नंबर गेट पर पार्किंग तैयार हो गई है। अभी बिल्डिंग का काम जारी है। साल 2025 में नया आरपीएफ थाना, एक नंबर एंट्री गेट पर पार्किंग फैसेलिटी जैसी सुविधाएं मिल जाएंगी। नई पार्किंग में 440 गाड़ियां पार्क की जा सकेंगी। यहां ग्राउंड फ्लोर पर कुली रूम रहेगा। पहली मंजिल पर वेटिंग हॉल, दूसरी मंजिल पर 400 स्क्वायर मीटर का कॉम्प्लेक्स और तीसरी पर करीब 10 प्रीमियम रिटायरिंग रूम हो‌ंगे। यहां 400 कार, 120 दोपहिया और 95 ऑटो पार्क हो सकेंगे। असारवा… विद्युतीकरण पूरा, नई ट्रेनें मिलेंगी
उदयपुर से असारवा (गुजरात) तक के 299 किमी लंबे रूट पर विद्युतीकरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। मंजूरी मिलते ही इस पर इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेन चलेगी। इससे प्रदेश में उदयपुर से गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के लिए नई ट्रेनें शुरू हो सकेंगी। इस ट्रैक के शुरू होने से न केवल मुंबई तक के लिए ट्रेनों की रोज की कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि आगे दक्षिण भारत समेत अन्य राज्यों के लिए कनेक्टिंग ट्रेन होने से मेवाड़ का जुड़ाव होगा। प्रताप नगर: 3 मंजिला इमारत, नए प्लेटफॉर्म
20.9 करोड़ की लागत से राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास के काम चल रहे हैं। अभी दो लूप लाइन, एक मेन लाइन व एक नॉन रनिंग लाइन है। अब नई लाइन तैयार हो रही है। इससे ट्रेनों की संख्या बढ़ जाएगी। राणा प्रतापनगर स्टेशन पर अभी ठोकर चौराहे की तरफ से ही एंट्री और एक्जिट है। अब कानपुर-मादड़ी रोड की तरफ तीन मंजिला नई बिल्डिंग तैयार हो रही है। अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार व पार्किंग की सुविधा होगी। इन्फ्रा में ये सौगातें – प्रतापनगर चौराहे से देबारी तक एलिवेटेड रोड बनेगा
प्रतापनगर चौराहे से ट्रांसपोर्ट नगर से आगे तक 2.80 किमी लंबा एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 125 करोड़ रुपए आएगी। बजट में इसके लिए पैसा मंजूर होने की उम्मीद है। इस रोड से रोजाना 10 हजार भारी वाहन और 15 हजार दोपहिया-चौपहिया वाहन निकलते हैं। ऐसे में आए दिन यहां जाम लग जाता है। नेहरू गार्डन थीम पार्क खुलेगा
फतहसागर झील के बीच स्थित नेहरू गार्डन को एनिमेटेड थीम पर तैयार किया जा रहा है। इसका सिविल वर्क पूरा हो चुका है। इस पर करीब 8 करोड़ से ज्यादा का खर्च किए जा चुके हैं। पार्क में म्यूजिकल फाउंटेन, मल्टीमीडिया वाटर शो, 7 डी थियेटर, थीमेटिक एंट्री गेट, आर्टिफिशियल ग्लो एनीमल, एनिमेट्रोनिक्स, फसाड़ लाइटिंग व सेल्फी प्वाइंट विकसित किए जाएंगे। बलीचा तिराहे पर ओवर ब्रिज
बलीचा तिराहे पर नए साल में ओवर ब्रिज बनाने की तैयारी है। प्रतापनगर से अहमदाबाद जाने वाले वाहन रिट्रीवल के ऊपर से निकल जाएंगे। शहर की तरफ से अहमदाबाद आने-जाने वाले वाहन इसके नीचे से निकलेंगे। आगामी 3-4 माह में इसका प्लान तैयार किया जाएगा। बड़गांव से कविता होकर 100 फीट रोड निकलेगा
बड़गांव से कविता होकर एनएच-76 तक 100 फीट रोड का काम शुरू हो गया है। यह नए साल में पूरा हो जाएगा। यह सड़क करीब 8.30 किमी लंबी है। इससे थूर, लोयरा, चिकलवास, पालड़ी, बड़ी, कविता, बेदला, लखावली, डांगियों का गुड़ा, सबलपुरा सहित अन्य गांवों की आबादी जुड़ी हुई है। कुंभलगढ़, हल्दीघाटी, माउंट आबू, जोधपुर वाले वाहन भी इसी मार्ग से निकलते हैं। लेकसिटी को पर्यटन में ये सौगातें लॉयन सफारी – काम पूरा, पर्यटकों के लिए इसी माह खोलने की तैयारी
लेकसिटी घूमने आने वाले पर्यटक जनवरी 2025 से लाॅयन सफारी का लुत्फ उठा सकेंगे। सज्जनगढ़ स्थित बायाे पार्क में इस प्राेजेक्ट का काम पूरा हाे गया है। 26 जनवरी को सीएम भजनलाल शर्मा के दाैरे के समय इसका उद्घाटन कराने की तैयारी है। सफारी का रूट 3 से 4 किमी का होगा। घूमने में एक घंटे का वक्त लगेगा। पर्यटकाें को पहाड़ी के टाॅप पर ले जाया जाएगा। यहां क्लाउड-9 बना हुआ है। रेप्टाइल सेक्शन : 10 प्रजातियाें के रंग-बिरंगे सांप देखने काे मिलेंगे
सज्जनगढ़ स्थित बायाे पार्क में इस प्राेजेक्ट का काम भी पूरा हाे गया है। इसे भी लॉयन सफारी के साथ ही शुरू कर दिया जाएगा। यहां कर्नाटक का शेड्यूल-1 किंग काेबरा देखने को मिलेगा। इंडियन सरीसृपाें के साथ रंग-बिरंगे एग्जॉटिक सरीसृपाें काे भी रखा जाएगा। ये पार्क में आने वाले पर्यटकों के बीच आकर्षण का केंद्र बनेगा। रेप्टाइल सेक्शन को बायो पार्क में ही 0.2 हेक्टेयर एरिया में तैयार किया गया है। जिराफ आएंगे : मार्च तक तैयार हाेगा एनक्लाेजर, जोड़ा लाएंगे
बायाेलॉजिकल पार्क में पहली बार जिराफ का जोड़ा लाया जाएगा। गेट नंबर 3 के पास करीब 3 बीघा पर एनक्लोजर तैयार किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू हाे गई है। निर्माण के साथ जिराफ लाने का काम मार्च माह तक पूरा करने का लक्ष्य है। यह नर और मादा का जाेड़ा होगा, ताकि यहां इनकी ब्रीडिंग भी करवाई जा सके। जिराफ का डिस्प्ले एरिया 61 हजार वर्ग फीट का होगा। पर्यटकाें केे के लिए 9 फीट चाैड़ा पाथवे बनेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *