पंजाब के नवांशहर में गुरुवार रात आसमानी बिजली गिरने से एक परिवार को भारी नुकसान हुआ है। गांव माजरा जट्टां में मेजर सिंह के मकान पर रात साढ़े नौ बजे बिजली गिरी। बिजली की चपेट में मकान की दूसरी मंजिल पर बनाई गई सीमेंट की मूर्ति और छत क्षतिग्रस्त हो गई। छत में कई जगह दरार पड़ गई है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जले बिजली की तीव्रता इतनी थी कि घोड़े के स्टैच्यू का सिर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मकान की दीवारों और लेंटर में भी कई जगह दरारें आ गईं। घर में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी नुकसान पहुंचा। फ्रिज, कूलर, टीवी, सबमर्सिबल पंप, पंखे और बिजली के अन्य उपकरण जल गए। प्रशासन से मदद की गुहार लगाई मेजर सिंह ने बताया कि इस हादसे से उन्हें लगभग ढाई लाख रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।


