अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र के नवागढ़ इलाके में 42 लोगों के पीलिया से पीड़ित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा नवागढ़ में कैंप लगाकर जांच की जा रही है। रविवार को नवागढ़ एवं मोमिनपुरा में 12 नए पीड़ित मिले थे। वहीं रविवार को 100 से अधिक लोगों का ब्लड सैंपल लिया गया। वहीं नवागढ़ से अलग घुटरापारा इलाके में पीलिया के 6 पीड़ित मिले हैं। इससे हड़कंप मच गया है। नगर निगम क्षेत्र में सर्वाधिक पीड़ित नवागढ़ जोन के मोमिनपुरा में मिले हैं। रविवार को यहां 8 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसके बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने कैंप लगाकर लोगों का ब्लड सैंपल लिया। 100 से अधिक संदिग्ध मरीजों का ब्लड सैंपल लिया गया है व जांच के लिए भेजा गया है। सीएमएचओ डा. प्रेम सिंह मार्को सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के कैंपों में पहुंचे। उन्होंने कहा कि मंगलवार को अधिक स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जांच की जाएगी। इसके लिए अधिक संख्या में कर्मियों को भेजा जाएगा। घुटरापारा में 6 नए मरीज, फैलाव की आशंका
नवागढ़ और मोमिनपुरा के बाद महामाया रोड स्थित घुटरापारा में 6 नए मरीज मिले हैं। यह अलग जोन है। इससे शहर के कई इलाकों में पीलिया फैलने की आशंका है। सभी पीड़ितों के घर नगर निगम के सप्लाई का पानी आता है। लोगों के अनुसार कई दिनों से लोगों के घरों में गंदा पानी पहुंच रहा था। निगम ने शुरू कराया सुधार कार्य
नगर निगम अमले ने पाइप लाइनों के सुधार का काम शुरू करा दिया है। कई स्थानों पर पेयजल सप्लाई के पाइप लाइन में लीकेज मिला है। इन्हें सुधारा जा रहा है। नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप ने बताया कि शिकायत मिलते ही टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रभावित क्षेत्रों से पानी के कई नमूने लेकर जांच के लिए रायपुर भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होते ही आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। नेता प्रतिपक्ष ने लगाया लापरवाही का आरोप
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने निगम आयुक्त, पार्षदों और स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का सोमवार को भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि यदि मामला केवल एक पाइप लाइन की खराबी का होता तो संक्रमण सीमित क्षेत्र में रहता। अलग-अलग बस्तियों में मरीज मिलना व्यापक स्तर पर लापरवाही की ओर संकेत करता है। शफी अहमद ने कहा कि या तो कई स्थानों पर पाइप लाइन मरम्मत कार्य त्रुटिपूर्ण रहा है, या फिर जल शुद्धिकरण संयंत्र में एलम, ब्लीचिंग पाउडर और क्लोरीन का निर्धारित मानकों के अनुरूप उपयोग नहीं हो रहा। इसके कारण लोगों के घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को किया सतर्क
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से उबला हुआ पानी पीने, स्वच्छता बनाए रखने और पीलिया के लक्षण दिखने पर तत्काल जांच कराने की अपील की है। कई स्थानों से पानी के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है।


