भास्कर न्यूज |लुधियाना जोधेवाल इलाके में ट्रक लूट की वारदात को पुलिस ने सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ट्रक और वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति सुजुकी कार भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी लवदीप सिंह, उसके पिता रणजीत सिंह और साहनेवाल निवासी उनके साथी गुरतेज सिंह के रूप में हुई है। एडीसीपी सिटी-1 समीर वर्मा ने बताया कि 2 मार्च को कूम कलां के गांव पंजेटा निवासी ट्रक चालक हरचंद सिंह ने शिकायत दी थी। उसने बताया कि जब वह जोधेवाल के पास गुरु विहार कट के नजदीक पहुंचा तो कार में सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर ट्रक लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने गुरतेज सिंह को ट्रेस कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसके साथी ट्रक को राजस्थान की तरफ लेकर जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लवदीप सिंह और उसके पिता रणजीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गुरतेज सिंह पहले ट्रक चालक के रूप में काम करता था और वह ट्रक की गतिविधियों पर नजर रखकर अपने साथियों को जानकारी दे रहा था। एडीसीपी के अनुसार लवदीप सिंह ने यह ट्रक वर्ष 2016 में किसी व्यक्ति को बेच दिया था। बाद में यह ट्रक कई लोगों के हाथों से होते हुए वर्तमान में सतिंदर सिंह के नाम पर दर्ज है। पुलिस ने बताया कि लवदीप सिंह पहले से ही थाना सदर खन्ना में दर्ज नशा तस्करी के मामले में ट्रायल फेस कर रहा है और इसी साल जनवरी में जमानत पर बाहर आया था। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे राजस्थान से नशा तस्करी करने की योजना बना रहे थे, जिसके लिए उन्होंने ट्रक लूटा।


