नशा तस्करी को लेकर मारपीट, मोहल्लावासी बोले-‘या नशा बंद करो, या घर खाली करो’

भास्कर न्यूज | लुधियाना हैबोवाल इलाके में महा शक्ति गुड्डी माता वैष्णो देवी मंदिर के पास स्थित एक घर को लेकर सोमवार को विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि घर के बाहर सैर कर रहे पड़ोसियों पर कथित नशा तस्करों के परिवार ने अचानक हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए अन्य मोहल्ला निवासियों को भी बेरहमी से पीटा गया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में आक्रोश फैल गया और लोग एकजुट होकर सड़कों पर उतर आए। पीड़ितों का कहना है कि उक्त घर में लंबे समय से नशे का अवैध कारोबार चल रहा है, जिससे इलाके का माहौल खराब हो चुका है। सोमवार को हालात तब बिगड़े, जब घर के बाहर टहल रहे लोगों पर अचानक हमला किया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद घायल लोगों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस घर में असामाजिक तत्वों का दिन-रात जमावड़ा रहता है और खुलेआम नशा बेचा जाता है। आरोपित परिवार विरोध करने पर गाली गलौच करता है:मोहल्ले वालों ने बताया कि पहले भी कई बार पुलिस में शिकायत दी गई, लेकिन हर बार दबाव या समझौते के जरिए मामला शांत करा दिया गया। विरोध करने पर आरोपित परिवार गाली-गलौज और मारपीट पर उतर आता है। एक पड़ोसी ने कहा कि हम अपने ही घरों में सुरक्षित नहीं हैं। नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। आज सरेआम मारपीट हुई है, अब समझौते नहीं, कार्रवाई चाहिए। लोगों का कहना है कि इस घर के कारण इलाके के युवाओं पर गलत असर पड़ रहा है और माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है। हैबोवाल थाना प्रभारी वरिंदरपाल सिंह उप्पल का कहना है की मामले को वेरीफाई कर रहे हैं। आरोपियों की भी जांच की जा रही है। संबंधित धाराओं के तहत बनती कारवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *