रायपुर में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के सुंदर नगर स्थित दशहरा मैदान के पास एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक 11 फरवरी को सूचना मिली थी कि कुछ लोग प्रतिबंधित सिरप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिये के आधार पर तीन संदिग्धों को घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम भानू रजक (28), अनुराग लिल्हारे (28) और सौरभ पाठक (30) बताए। ग्लैंकोफ-टी शिरप की शीशियां बरामद तलाशी लेने पर आरोपियों के बैग से प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप ‘ग्लैंकोफ-टी’ की कुल 94 शीशियां बरामद हुईं, जिनकी कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई कागज पेश नहीं कर सके और टीम को गुमराह करने की कोशिश करते रहे। आरोपियों से पूछताछ में जुटे अफसर तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना डी.डी. नगर में नारकोटिक एक्ट की धारा 21(सी) के तहत अपराध क्रमांक 102/26 दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर सिरप सप्लाई करने वाले नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी गिरफ्तारी की संभावना है।


