भवानी मंडी पुलिस ने मोटर साइकिल चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनसे 13 मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी नशे और शौक पूरे करने के लिए चोरी किया करते थे। सीआई रमेशचंद मीणा ने बताया कि 22 दिसम्बर को पवन कुमार मेघवाल निवासी पांगा का खेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जिसमें उसने बताया कि 10 दिसंबर को वो उसके दोस्त दुर्गाशंकर से उसकी मोटर साईकिल लेकर भवानी मंडी आया था। जहां शीला अस्पताल के सामने बाइक खड़ी कर अन्दर चला गया। थोड़ी देर बाद वापस आया तो बाइक नहीं मिली। पवन और दुर्गाशंकर ने भवानी मंडी और आस-पास के गांवों में बाइक की काफी तलाश की। कहीं नहीं मिलने पर पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने टीम गठित कर आरोपियों को पकड़ने के लिए बदमाशों की तलाश के दौरान 27 दिसम्बर शुक्रवार को बांडिया बाग रोड भवानीमंडी से नाकाबन्दी के दौरान बाइक सहित आरोपी सद्दाम हुसैन (28) पुत्र जाकिर हुसैन निवासी रामद्वारा रोड़ सुनेल और सत्यनारायण धाकड़ (35) पुत्र कारूलाल धाकड निवासी देवपुरा गली सुनेल को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई 13 मोटर साईकिल बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि बदमाश नशे का शौक और मौज मस्ती के लिए रेकी कर बाइक चोरी करते थे।


