चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए चोरी की दो बाइक बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दोनों चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। बैंक के बाहर से चोरी हुई थी बाइक 28 नवंबर 2024 को प्रार्थी छोटूराम पुत्र गोपीराम सांगवा निवासी बिणजारी, हाल अशोक वाटिका (थार ड्राईपोर्ट के सामने, बोरानाडा रोड, पाल) ने रिपोर्ट दी कि 27 नवंबर को दोपहर 12:50 बजे वह सेक्टर-12 स्थित State Bank of India में काम से गए थे। करीब 1:30 बजे लौटने पर उनकी ब्लू कलर हीरो स्प्लेंडर प्लस (RJ 19 SN 0314) बाइक बैंक के बाहर से गायब मिली। विशेष टीम का गठन कर पकड़ा रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।थानाधिकारी ईश्वरचन्द्र पारीक के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने पूर्व में वाहन चोरी में चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ की, साथ ही तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान की। आरोपी से दो बाइक बरामद पुलिस ने उर्जाराम (40) पुत्र पोकरराम निवासी बुझावर, थाना बोरानाडा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने दो मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर दो चोरी की बाइक बरामद की गईं। नशे की लत के लिए करता था चोरी जांच में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और शहर के अलग-अलग स्थानों पर खड़ी दुपहिया वाहनों को निशाना बनाता था। चोरी की बाइक को वह दूरदराज के क्षेत्रों में बेच देता था।


