नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत सिटी पुलिस ने ‘ऑपरेशन संपर्क’ के अंतर्गत जोन-1 क्षेत्र के कंवर पैलेस, जीटी रोड में पुलिस-पब्लिक बैठक आयोजित की। बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर खुद मौके पर उपस्थित रहे। इस दौरान दक्षिणी के विधायक इंद्रबीर सिंह निज्जर विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में व्यापार मंडल प्रतिनिधि, गुरु बाजार के दुकानदार, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, एडीसीपी सिटी-1 विशालजीत सिंह, एसीपी सेंट्रल जसपाल सिंह और एसीपी साउथ प्रवेश चोपड़ा सहित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं मौके पर सुनीं और समाधान का भरोसा दिया। सीपी भुल्लर ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। बड़े स्तर पर गिरफ्तारी के साथ नशीले पदार्थ और ड्रग मनी बरामद की जा रही है। तस्करी से अर्जित चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज और ध्वस्त भी किया जा रहा है। स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा रहा है। नशे की दलदल में फंसे लोगों को प्रेरित कर नशा छुड़ाओ केंद्रों और ओओएटी केंद्रों में भर्ती करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 370 मामले दर्ज कर 543 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 18.800 किलो हेरोइन, 1.630 किलो अफीम, 0.523 किलो मेथामफेटामाइन (आइस), 2510 कैप्सूल/गोलियां और 15,68,270 की ड्रग मनी जब्त की गई। 13 वाहन भी बरामद किए गए, जिनमें 5 चार पहिया और 8 दो पहिया शामिल हैं। इसके अलावा 627 लोगों को जागरूक किया गया। इनमें से 302 को नशा छुड़ाओ केंद्रों में और 325 को ओओएटी केंद्रों में इलाज व पुनर्वास के लिए दाखिल कराया गया। पुलिस ने अपील की कि नशा तस्करों या असामाजिक तत्वों की सूचना 112 हेल्पलाइन या कंट्रोल रूम नंबर 77101-04818 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


