सिविल हॉस्पिटल में तैनात क्लास फोर कर्मचारी के नशे में ड्यूटी में पहुंचने का मामला सामने आया है। कर्मचारी मरीज के पास पड़े आईवी स्टैंड के पास खड़ा है और ग्लूकोज ड्रिप पर प्रेस कर रहा है। वायरल हुई वीडियो को हॉस्पिटल में ही दाखिल किसी अन्य मरीज के परिजनों द्वारा रिकॉर्ड किया गया है। इसमें कर्मचारी नशे में है और सीधे खड़े तक नहीं हो पा रहा है। कर्मचारी के नशे में होने के बावजूद ड्यूटी पर आने पर महिला वॉर्ड में काम करना एक सबसे बड़ा सवाल खड़ा करता है। जोकि न सिर्फ मरीजों की बल्कि हॉस्पिटल स्टाफ की सुरक्षा के लिए भी प्रबंधन पर सवाल खड़े करने वाला है। कर्मचारी का नाम सुखदेव है और वो क्लास फोर के तौर पर तैनात है। हॉस्पिटल कर्मचारियों के मुताबिक पहले भी वो नशे में ही ड्यूटी पर आता रहा है और कुछ महीनों पहले हॉस्पिटल के एक डॉक्टर से भी लड़ाई की थी। इसकी शिकायत भी पुलिस में हुई थी। लेकिन कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। मंगलवार को हुई घटना के बाद कर्मचारी का डोप टेस्ट भी लिया गया है। वहीं, अब फिर से इस तरह की घटना हैरानीजनक है। वीडियो में नशे में कर्मचारी झूल रहा है और दाखिल महिला दर्द से चिल्ला रही है। शोर सुनने के बाद नर्सिंग स्टाफ पहुंची और उसने इलाज का प्रोसेस किया। नशे में महिला वार्ड में पहुंचे कर्मी का मरीज के परिजन ने वीडियो बनाया। सिविल सर्जन ने एक्शन लेने की कही बात : वहीं, हॉस्पिटल के एसएमओ डॉ. हरप्रीत सिंह ने कहा कि सुखदेव रेगुलर कर्मचारी है जोकि ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में पहुंचा था। ड्यूटी स्टाफ से लिखित में सारी जानकारी ली गई और एक्शन लेते हुए इस कर्मचारी को सिविल हॉस्पिटल से ट्रांसफर करने की मांग सिविल सर्जन के सामने रखी गई है। सिविल सर्जन द्वारा एक्शन लेने की बात कही है।