भास्कर न्यूज | लुधियाना फिरोजपुर रोड पर सोमवार रात करीब 11:15 बजे यस बैंक के सामने थार और किआ कार की जोरदार टक्कर हो गई। आरोप है कि थार चला रहा युवक शराब के नशे में था। किआ कार चालक सुनील ने बताया कि वे सग्गू चौक से फिरोजपुर रोड की ओर जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी और बेटी सवार थीं। जैसे ही वे यस बैंक के पास पहुंचे, सामने से आ रही थार अचानक उनकी कार से टकरा गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद थार चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया। सूचना मिलते ही घुमार मंडी पुलिस चौकी से जांच अधिकारी अमित कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया। पुलिस जांच में युवक और उसके साथ मौजूद युवती के नशे में होने की पुष्टि हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी युवक ने पुलिस से बदसलूकी करते हुए गाली-गलौच भी की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


