भास्कर न्यूज | अमृतसर खालसा कॉलेज ऑफ नर्सिंग में स्लोगन लेखन प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. अमनप्रीत कौर के कुशल नेतृत्व में आयोजित उक्त कार्यक्रम के अवसर पर पंजाब में नशे से लड़ने के मिशन के साथ सरकार द्वारा चलाए जा रहे बड्डी प्रोग्राम के तहत गतिविधियां आयोजित की गईं। जिसका मुख्य विषय ‘नशे से बचाव एवं नशे के बुरे प्रभाव’ रखा गया था। इस संबंध में जानकारी देते हुए डॉ. अमनप्रीत कौर ने बताया कि कॉलेज की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अनोखे स्लोगन व रंग योजनाओं के साथ नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि नुक्कड़ नाटक ‘नशे दे बुरे असर’ का प्रदर्शन कॉलेज नारायणगढ़ के सामुदायिक क्षेत्र में किया गया। इस नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने आम जनता को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने नाटक के बाद नशे के बारे में कई प्रश्न पूछे तथा नशे पर आधारित कई भ्रांतियों को दूर किया।


