चैती छठ महापर्व मंगलवार को नहाय-खाय से शुरू होकर 4 अप्रैल को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा। बुधवार को संध्या में खरना होगा। गुरुवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। शुक्रवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा। व्रतियों ने नहाए-खाए के दिन अरवा चावल, सेंधा नमक, चने की दाल, लौकी की सब्जी और आंवला की चटनी का भोजन किया। इसके साथ ही चार दिवसीय अनुष्ठान का संकल्प लिया। शुभ संयोगों का योग ज्योतिष शालिनी वैद्य ने कहा कि इस बार चैती छठ पर्व पर बहुत से शुभ संयोगों का योग हो रहा है, जो इस पर्व को और भी फलदायी बना रहा है। चार दिवसीय छठ महापर्व में प्रीति, आयुष्मान, शोभन के साथ साथ मानस और सिद्धि योग का शुभसंयोग बन रहा है। हटनिया छठ तालाब में भारतीय यूथ संगठन छठ व्रतियों के बीच बांटेगा दूध
रांची स्थित हटनिया तालाब प्रांगण में छठ महापर्व के आयोजन के लिए सोमवार को भारतीय यूथ संगठन महाछठ पूजा समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता राजेंद्र कुमार गोप ने की। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिले व विधि व्यवस्था पर चर्चा हुई। समिति द्वारा हटनिया तालाब के प्रांगण में टेंट, लाइट व साउंड सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी। सभी श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल व शरबत का वितरण किया जाएगा। समिति के द्वारा छठव्रतियों को दूध, गंगाजल, फल वितरित किया जाएगा। शिवगंगा समेत सभी घाटों पर की गई साज-सज्जा
देवघर जिले में छठ पर्व को लेकर भक्तिमय माहौल बन गया है। प्रसिद्ध शिवगंगा सरोवर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी नदी और तालाब के घाटों की साफ-सफाई कर उन्हें सजाया गया है। पर्व को लेकर सजने लगा बाजार
छठ पूजा में नहाय खाय के दिन अलग-अलग पकवान बनाने की परंपरा है। जिसमें अलग-अलग प्रकार की सब्जियों का उपयोग किया जाता है। वहीं अर्ध्य वाले दिन सूप और दउरा पर कई प्रकार के फल रखकर उसमें अर्ध्य देने की भी परंपरा है। इधर, पर्व को लेकर साग-सब्जियों से लेकर फल और सूप-दउरा की अस्थाई दुकानें सजनी शुरू हो गई हैं। कोडराम के झुमरीतिलैया स्थित झंडा चौक पर कई ऐसी दुकानें लगी हुई हैं।


