जैसलमेर जिले में कड़ाके की ठंड ने लोगों के कंपकंपी छुड़ा दी है। सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी सुबह घना कोहरा छाया रहा। वहीं रविवार को दिन भर स्वर्णनगरी कोहरे की आगोश में रही। साथ ही दिन भर बादल भी छाए रहे। इस वजह से लोगों को सूर्य देवता के दर्शन तक नहीं हुए। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ेगा। प्रदेश में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव आया है। कई जिलों में बारिश की संभावना है। लेकिन जैसलमेर में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि सर्दी का असर ऐसा ही बना रहेगा। ग्रामीण इलाकों में कड़ाके की ठंड जैसलमेर के चांधन स्थित काजरी में शनिवार रात का पारा 2.8 डिग्री दर्ज किया गया। नलकूप क्षेत्रों के साथ नहरी क्षेत्र नाचना, मोहनगढ़ व रामगढ़ में भी सर्दी ने लोगों के धूजणी छुड़ा दी है। हाड़ कंपकंपाने वाली सर्दी ने लोगों को झकझोर दिया है। लोगों की दिनचर्या पूरी तरह से बदल चुकी है। सर्दी का असर तेज होने से रबी फसलों को फायदा होगा। पिछले चार पांच दिनों से लगातार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं पिछले दो दिनों से घना कोहरा छा रहा है। लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। सवेरे काम पर जाने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कोहरे के चलते विजिबिलिटी कम हो गई। वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार से राहत मिलने की संभावना मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों तक जिले में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि सोमवार को कोहरे का असर रहेगा। साथ ही हल्के बादल छाए रहेंगे। मंगलवार से कोहरे व बादलों से राहत मिल जाएगी और दोपहर में अच्छी धूप भी खिलेगी। हालांकि दिसंबर के अंतिम दिनों तक सर्दी का असर ऐसा ही बना रहेगा। सर्दी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। साथ ही सर्दी का असर इससे ज्यादा बढ़ने की भी संभावना हाल फिलहाल नहीं है।


