भरतपुर की गहनौली थाना पुलिस नाकाबंदी के दौरान 6 सौ किलो गांजा पकड़ा है। साथ ही पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर बहरोड़ लेकर जा रहे थे। गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस गांजा सप्लाई करने वाले और उसे खरीदने वालों की तलाश में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया की 5 मार्च को गहनौली थाना पुलिस नेशनल हाईवे-123 पर नाकाबंदी की कार्रवाई कर रही थी। नाकाबंदी के दौरान धौलपुर की तरफ से एक बंद बॉडी का कंटेनर आता हुआ दिखाई दिया। जिसे नाकाबंदी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने इशारा देकर रुकवाया। कंटेनर का ड्राइवर नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने कंटेनर को रुकवाया। पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम सुवालाल (36) और हेल्पर ने अपना नाम नितेश (27) निवासी कौथल थाना बानसूर जिला कोटपूतली होना बताया। कंटेनर के पीछे ताला लगा हुआ था। ताले को खुलवाकर कंटेनर को चेक किया तो, कंटेनर के अंदर बांस भरे थे। उसके नीचे कुछ सफ़ेद रंग के कट्टे रखे हुए थे। कट्टों को खोलकर देखा तो, उसके अंदर टेप से अवैध गांजा लिपटा हुआ था। कट्टों की गिनती की गई तो, कंटेनर के अंदर कुल 40 कट्टे मिले। मौके पर ही इलेक्ट्रॉनिक कांटा मंगवाकर गांजे को तोला गया तो, 300 प्लास्टिक के बैग में 6 सौ किलो गांजा मिला। जिसकी अंतर्राष्ट्रीय कीमत 1 करोड़ के करीब बताई जा रही है। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया की यह पता लगाया जा रहा है की यह गांजा किसने मंगवाया था उसकी जांच की जा रही है। यह गांजा उड़ीसा से लाया गया था। दोनों आरोपी गांजे को कोटपूतली के बहरोड़ में गांजे की डिलीवरी करने के लिए जा रहे थे।


