गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में नागपंचमी के अवसर पर स्वामी शिवानंद महाराज ने भगवान शिव का विशेष रुद्राभिषेक किया। यह धार्मिक कार्यक्रम जोगी गुफा और नटेश्वर आश्रम बस्ती बगरा में संपन्न हुआ। शिवानंद महाराज ने भगवान शिव की विधिवत पूजा की और पार्थिव शिवलिंग का विसर्जन भी किया। इस अवसर पर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने भगवान भोलेनाथ से अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति का आशीर्वाद मांगा। सबसे पहले जोगी गुफा में भगवान सदानंदेश्वर का पूजन और रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद पार्थिव शिवलिंग का विसर्जन हुआ। बारिश में भीगते हुए भी भक्तों ने किया पूजा प्रकृति से घिरी जोगी गुफा का झरना लोगों को आकर्षित करता है। ‘ओम नमः शिवाय’ के उच्चारण के साथ सभी भक्त भक्ति में लीन हो गए। पूजा के बाद सभी बस्ती बगरा पहुंचे जहां भगवान नटेश्वर का विधिवत पूजन और रुद्राष्टाध्यायी पाठ के साथ पंचद्रव्य से अभिषेक किया गया। बारिश में भीगते हुए भी भक्तों ने पूरी आस्था के साथ पूजन किया। पूजा के बाद समिति की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। ये है नटराज आश्रम की मान्यता मान्यता है कि नटराज आश्रम में भगवान नटराज अब भी नृत्य करते हैं और उनके डमरू की आवाज सुनाई देती है। यही कारण है कि यह स्थान श्रद्धालुओं के आस्था का केंद्र बना हुआ है। यहां लोगों का आना-जाना लगा रहता है।