भास्कर न्यूज | जालंधर नागरा से सब्जी मंडी रोड पर मंगलवार को एक अनियंत्रित ट्रक की टक्कर के कारण हादसा हो गया। ट्रक ने बिजली के खंभों में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे खंभों पर टिका हुआ ट्रांसफार्मर उखड़कर सीधे जमीन पर आ गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रांसफार्मर का सारा तेल सड़क पर फैल गया, जिससे राहगीरों के लिए फिसलन का खतरा भी पैदा हो गया है। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना के कारण इलाके की बिजली पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मामले में बिजली विभाग के एसडीओ प्रदीप सैनी ने बताया कि टीम द्वारा स्थिति का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को जल्द ही बदल दिया जाएगा। फिलहाल सड़क से तेल हटाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


