भास्कर न्यूज | अंबिकापुर नागपंचमी महोत्सव पर जय समलाया वास्तु ज्योतिष केंद्र के तत्वावधान में आयोजित कालसर्प दोष शांति पूजन और महा रुद्राभिषेक का कार्यक्रम श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में जिले भर से आए 51 जोड़ों ने भाग लिया और अपने जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ पूजन का लाभ उठाया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्यक्रम का आयोजन केंद्र के संचालक पंडित योगेश नारायण मिश्र के मार्गदर्शन में हुआ। विशेष पूजन और रुद्राभिषेक कार्यक्रम में वाराणसी से आमंत्रित विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक विधि-विधान से मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। सावन के पवित्र मास और नागपंचमी के विशेष मुहूर्त में भगवान शिव की आराधना कर श्रद्धालुओं ने पार्थिव शिवलिंग पर विविध सामग्रियों से अभिषेक कर पुण्य अर्जित किया। पंडित योगेश नारायण मिश्र ने बताया कि कालसर्प दोष से पीड़ित व्यक्तियों के लिए नागपंचमी का दिन अत्यंत विशेष होता है। इस दिन रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय मंत्र जाप व विशेष पूजन करने से जीवन के सभी विघ्न-बाधाएं दूर होती हैं। उन्होंने बताया कि दूध से अभिषेक करने से दीर्घायु और मनोकामना की पूर्ति, मधुरस से अभिषेक करने से कर्ज मुक्ति व धन प्राप्ति, घी से अभिषेक करने से आरोग्यता, सरसों तेल से अभिषेक करने से शत्रु नाश और शर्करायुक्त दूध से पूजन करने पर संतान की प्राप्ति होती है। वहीं फलों के रस से अभिषेक करने से जीवन में आनंद की वृद्धि होती है। इस दौरान विश्व कल्याण की कामना के साथ भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में पंडित अंकित शर्मा, पंडित राजा मिश्रा, पंडित दुर्गेश पांडेय, पंडित रुकम पांडेय और पंडित कृष्णकांत पोडिल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मेघा कश्यप, जिया कश्यप, सृष्टि कश्यप व उनकी सहयोगी सखियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रद्धा, सेवा और समर्पण से परिपूर्ण यह आयोजन भक्तों के लिए आस्था का केंद्र बना रहा।