नागौर में एक मोर्चरी में तीन पीढ़ियों का पोस्टमार्टम:कैंपर से कुचलने से महिला की बेटे-पोते समेत मौत, जायल के अंबाली चौराहे पर हुआ था हादसा

नागौर में जायल उपखंड क्षेत्र के अंबाली चौराहे पर खड़े तीन जनों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुरुवार को इलाके में गमगीन माहौल रहा। एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों का मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम हुआ। बाइक के टायर में हवा भरवाने के लिए खड़े महिला और उसके बेटे व पोते को एक कैंपर गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की दर्दनाक मौत हो गई थी। कैंपर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। बेलगाम कैंपर से आए दिन हो रही इन वारदातों को‌ लेकर देर रात ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस‌ को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने तीनों के शव का छोटी खाटू सीएचसी में पोस्टमॉर्टम करवाया है। तीनों के शव आज सुपुर्द-ए-खाक किए‌ जाएंगे। एएसआई रामप्रकाश ने बताया- बुधवार रात 8 बजे बरनेल गांव के चोटियों की ढाणी निवासी मां-बेटा व पोता अंबाली चौराहे पर एक पंचर की दुकान पर खड़े हुए बाइक में हवा भरवा रहे थे। तभी कठौती की तरफ से आ रही एक कैंपर गाड़ी ने तीनों को टक्कर मार दी। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। घटना में बरनेल के चोटियों की ढाणी निवासी बाना (45), अहमद रजा (22) और अवेस (10) की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अहमद और अवेस के शव कई फीट उछलकर एक खेत में जा गिरे और बाना की लाश कैंपर के नीचे कई फीट तक घिसटती चली गई। दर्दनाक टक्कर के बाद भीड़ आक्रोशित हो गई और कैंपर गाड़ियों के खिलाफ जमकर गुस्सा निकाला। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को भी जमकर खरी-खोटी सुनाई। वारदात स्थल और छोटी खाटू सीएचसी के बाहर काफी बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *