नागौर के गिनाणी तालाब स्थित श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज की बगेची में स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में शनिवार को फागोत्सव का आयोजन हुआ। दोपहर 1 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में महिला एवं पुरुष मंडलियों ने फागण के पारंपरिक गीतों और भजनों की प्रस्तुतियां दीं। जिससे पूरा शिवालय परिसर शिव भक्ति के साथ होली के उल्लास में सराबोर हो गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने महादेव को अबीर-गुलाल और पुष्प अर्पित कर उनके साथ होली खेली। इस दौरान नर्मदेश्वर महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया था। वहीं फागोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों ने राधा-कृष्ण बनकर प्रस्तुतियां दी। जिनके नृत्य पर लोगों ने फूलों की वर्षा की। स्थानीय श्रद्धालू फाल्गुन के भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। भजन गायकों को भी बुलाया गया दीपक सोनी ने बताया कि इस दौरान स्थानीय भजन कलाकारों के साथ विशिष्ठ कलाकारों और भजन गायकों को भी बुलाया गया था। उनकी प्रस्तुतियों का श्रद्धांलुओं ने आनंद लिया। इस दौरान पुरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के अंत में बड़ी संख्या में उपस्थित समाज के लोगों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने महादेव की आरती कर सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन समिति ने कार्यक्रम में पधारे सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।


