नागौर में कार में डीजल डलवाकर बिना भुगतान भागे: CCTV:2000 का डीजल भरवाकर सेल्समेन को धमकाया, बिना पेमेंट किये गाड़ी लेकर भागे, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

नागौर शहर के कोतवाली थाना इलाके में बासनी बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात कार सवार बदमाशों द्वारा सेल्समैन को धमकाकर बिना भुगतान किए डीजल भरवाकर भागने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार देर रात 2:45 के आसपास एक कार में सवार होकर तीन युवक और एक युवती बासनी बाईपास पर स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर पहुंचे। कार सवारों ने पंप कर्मी से गाडी में 2 हजार रुपये का डीजल भरवाया, लेकिन जब सेल्समैन ने रुपयों की मांग की तो आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया और बिना पेमेंट किए ही कार लेकर मौके से फरार हो गए।
सामने आए फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी पहले सेल्समेन से उलझ रहे हैं और उसके बाद गाड़ी स्टार्ट करके तेज रफ़्तार से वहां से बिना पेमेंट किये निकल जाते है। सेल्समेन गाड़ी के पीछे दौड़ता भी है लेकिन आरोपी मौक़े से गाड़ी लेकर रफ्फुचक्कर हो जाते हैं। ​बताया जा रहा है कि कार सवार युवक शराब के नशे में धुत थे और उन्होंने सेल्समैन के साथ अभद्रता भी की। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलने के बाद नागौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।

कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवरान ने बताया कि रात को पेट्रोल पम्प पर हुई इस घटना कि सूचना आई जिसपर मौक़े पर पहुंचकर जायजा लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। वहीं गाड़ी की पहचान के लिए दूसरे सीसीटीवी भी देखे जा रहे हैं। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *