नागौर जिले के खींवसर के प्रेमनगर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ नागौर DST (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। DST प्रभारी मुकेश यादव के नेतृत्व में टीम ने प्रेमनगर के बायसा मंदिर के पास चल रहे अवैध खनन के ठिकानों पर अचानक छापेमारी की। यह अवैध कारोबार नेशनल हाईवे से मात्र 200 मीटर और खींवसर पुलिस थाने से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर धड़ल्ले से संचालित हो रहा था। मौके पर खनन माफियाओं ने सरकारी भूमि के बड़े भाग को खोदकर खोखला कर दिया था।
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मौके से भारी मात्रा में मशीनरी और वाहनों को जब्त किया है, जिसमें 4 डंपर, 3 जेसीबी, 4 एलएनटी मशीनें, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक कंप्रेसर ड्रिलिंग मशीन, एक स्कॉर्पियो और एक बाइक शामिल है। जब्त किये गए वाहनों और मशीनरी की अनुमानित कीमत 5 करोड़ के लगभग मानी जा रही है।पुलिस ने अवैध खनन और परिवहन के आरोप में मौके से 8 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे फिलहाल पूछताछ की जा रही है। DST की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को DST टीम की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
DST प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि खींवसर में लम्बे समय से सरकारी जमीन पर अवैध खनन की सूचना आ रही थी। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई है।


