नागौर शहर के बासनी पुलिया के नीचे रविवार रात करीब 10:30 बजे एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। युवक महाराष्ट्र में कारपेंटर का काम करता था और दो दिन पहले ही गांव लौटा था। वह जरूरी काम की बात कहकर घर से पड़ोसी की बाइक लेकर निकला था। घटना के बाद रेलवे और स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घर से निकला, सीधे पटरियों पर पहुंचा मृतक की पहचान हनुमान बाग निवासी अभिषेक (26) पुत्र जेनाराम सुथार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अभिषेक रविवार रात किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर घर से निकला था और जल्द लौटने की बात कही थी। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उसने रेल पटरियों पर जाकर सामने से आ रही बीकानेर-दादर एक्सप्रेस के आगे लेटकर जान दे दी। लोको पायलट ने दी सूचना, टीमें मौके पर पहुंचीं हादसे के तुरंत बाद ट्रेन के लोको पायलट ने रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटना आउटर सिग्नल से पहले की होने के कारण जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर जेएलएन हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। नहीं मिला सुसाइड नोट पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक का पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसे संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। दो दिन पहले ही पुणे से लौटा था जानकारी के अनुसार अभिषेक महाराष्ट्र के पुणे में कारपेंटर का काम करता था और दो दिन पहले ही नागौर आया था। अचानक उठाए गए इस कदम से परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है।


