नागौर जिले के जसनगर थाना क्षेत्र के दासावास सरहद में लूणी नदी में अवैध बजरी खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अवैध बजरी परिवहन कि सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची जसनगर थाना पुलिस पर बजरी माफिया ने हमला कर दिया। आरोपियों ने थाना प्रभारी राजमल पर ट्रैक्टर चढाकर जान से मारने की कोशिश की और ट्रैक्टर लेकर भाग गए।
जसनगर पुलिस को नदी क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी, जिस पर उप निरीक्षक राजमल के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। वहां पुलिस ने बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर चालक महावीर जाट को हिरासत में ले लिया और उसे थाने ले जाने की कार्रवाई शुरू की। लेकिन इसी बीच, चालक का पिता राजूराम जाट मौके पर पहुंचा और उसने पुलिस से झड़प करते हुए ट्रैक्टर छुड़ा लिया और एस आई राजमल पर चढ़ाने का प्रयास किया और जबरन ट्रैक्टर को अपने घर की ओर भगा ले गया। जब पुलिस पीछे करते हुए वहां पहुंची, तो पहले से मौजूद कालूराम सहित अन्य पुरुषों और महिलाओं ने पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी राजमल के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई, जिससे उनके कपड़े फट गए और हाथ में चोट आई।
हंगामे और अफरा-तफरी के दौरान मुख्य आरोपी राजूराम मौके से फरार हो गया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया, जिससे स्थिति और अधिक बिगड़ने से बच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जसनगर थाने पहुंचाया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने तथा अवैध खनन की धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में जसनगर थानाप्रभारी एस आई राजमल ने बताया कि लूनी नदी में अवैध खनन की सूचना मिलने पर जब वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां बजरी से भरा एक ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो ट्रैक्टर चालक के पिता ने वहां पहुंचकर पुलिस के कब्जे से जबरन ट्रैक्टर छुड़ा लिया और उसे भगाकर ले गया। आरोपियों ने भागने के प्रयास में पुलिस टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश भी की। इसके बाद जब पुलिस ने पीछा किया, तो आरोपी ट्रैक्टर को अपने घर के बाड़े में ले गया। वहां मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों ने पुलिस टीम पर लाठियों और लोहे के सरियों से हमला कर दिया, जिससे मुझे और स्टाफ को चोटें आई हैं। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि मौके पर दो लोगों को पकड़ा गया था, लेकिन उनके परिजनों ने पुलिस पर हमला कर उन्हें वहां से छुड़ा लिया।


