नागौर जिले में रीट परीक्षा-2025 शुरु हो चुकी है। जिला मुख्यालय पर 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इससे पहले सेंटरों पर अभ्यार्थियों की लंबी-लंबी लाइनें नजर आईं। सेंटर में एंट्री से पहले एडमिट कार्ड पर क्यूआर कोड, फेस स्कैनिंग और कड़ी चैकिंग के बाद परीक्षार्थियों को एंट्री दी गई। इससे दौरान दुपट्टे, गमछे, स्वेटर, आभूषण, हाथों में पहने कंगन, कड़े बाहर खुलवाए गए। 9 बजे बाद किसी को एंट्री नहीं दी गई। जिला प्रशासन व पुलिस ने परीक्षा सेंटरों पर कड़ी सुरक्षा का इंतजाम किया गया है। दरअसल, नागौर जिले में 27 व 28 को रीट परीक्षा हो रही है। 27 फरवरी को 2 पारियों और 28 फरवरी को 1 पारी में परीक्षा हो रही है। आज पहली पारी में सुबह 7 बजे से सड़कों पर परीक्षार्थियों व अभिभावकों की भीड़ नजर आने लगी। साढ़े 7 बजे से ही परीक्षा सेंटरों पर परीक्षार्थियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। 8 बजे के बाद सेटरों पर लंबी-लंबी लाइनें लगी नजर आईम। सेंटर पर अभ्यार्थियों की एंट्री से पहले उनके एडमिट कार्ड, आईडी प्रूफ चैक किए गए। इसके बाद एडमिट कार्ड पर क्यूआर कोड, फेस स्कैनिंग के बाद अभ्यार्थियों की एंट्री दी गई। एडीएम चंपालाल जीनगर ने परीक्षार्थियों के लिए जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि सभी परीक्षार्थियों का परीक्षा शुरु होने से 1 घंटे पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना पहुंचना अनिवार्य है, इसके बाद प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षार्थी को पहली पारी में सुबह 9 बजे तथा दूसरी पारी में दोपहर बाद 2 बजे के पश्चात् परीक्षा केन्द्र में एंट्री नहीं दी जाएगी। परीक्षार्थी को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा समाप्ति से पूर्व परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। एडीएम चंपालाल जीनगर ने बताया परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में अपने साथ एडमिट कार्ड, नीला व काला पारदर्शी बॉल पॉइंट पेन, ओरिजिनल आधार कार्ड, आधार कार्ड नहीं हो तो अन्य राजकीय फोटोयुक्त पहचान-पत्र (यथा ड्राइविंग लाईसेंस, निर्वाचन पहचान-पत्र आदि) के साथ स्वप्रमाणित फोटो प्रति लाना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त अन्य कोई सामग्री लाने की अनुमति नहीं है। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल, कैलकुलेटर, ब्लूटुथ या अन्य कोई इलेक्ट्रानिक उपकरण, घड़ी आदि, किसी प्रकार का आभूषण, पर्स, हैण्डबैग, डायरी इत्यादि लाने पर प्रतिबंध है। परीक्षार्थी इस प्रकार की कोई सामग्री साथ लाता है तो उसे अपनी स्वयं की जिम्मेदारी पर परीक्षा केंद्र के बाहर रखनी है। एडीएम चंपालाल जीनगर ने बताया कि परीक्षार्थी को शर्ट, टी-शर्ट, कुर्ता, कुर्ती बिना जेब वाली गर्म जर्सी, स्वेटर जिसमें बड़े बटन नहीं लगे हो आदि व पैरों में पतले सोल की चप्पल या सेंडल पहनने की ही अनुमति होगी। वेशभूषा में किसी भी प्रकार के मेटल से बने चैन, बटन आदि का उपयोग वर्जित है। परीक्षार्थी को अनुचित साधन का उपयोग करते पाये जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


