नागौर में चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी मुक्त भारत कार्यक्रम को लेकर सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। नागौर के मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी ने बताया कि टीबी रोगमुक्त भारत अभियान के तहत क्षय रोग को जड़ से खत्म करने के लिए जिले में सघन अभियान चलाया जा रहा है। ज्यादा से ज्यादा टेस्ट(जांच) से ही यह बीमारी जड़ से खत्म हो सकेगी। इसके लिए जागरूकता लाना सबसे बड़ा काम है। सीएमएचओ डॉ. जुगल किशोर सैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए नागौर में पुख्ता तैयारी की गई है। नागौर व डीडवाना-कुचामन जिले में वर्तमान में 37 ग्राम पंचायत टीबी रोग से मुक्त हैं। इससे आगे बढ़ने के लिए ज्यादा से ज्यादा जांचें की जा रही हैं। टीबी मुक्त ग्राम पंचायत की दिशा में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य टीबी रोग की समय पर पहचान कर इसका उपचार व रोकथाम करना है। जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. श्रवण राव ने बताया कि जिला व ब्लॉक स्तर पर विभिन्न हो रहे हैं। प्रत्येक क्षय रोगी को पोषण किट मुहैया करवाने के लिए निक्षय मित्र बनाए जाएंगे। निक्षय मित्र बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग सांसद, विधायकों, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य व सरपंचों को भी लेटर लिखे जाएंगे।


