नाथद्वारा में आयोजित दो दिवसीय पाटोत्सव ब्रजभाषा समारोह का सोमवार शाम को समापन हुआ। साहित्य मंडल द्वारा प्रतिवर्ष फाल्गुन कृष्ण सप्तमी के अवसर पर यह आयोजन धूमधाम से किया जाता है। ब्रजभाषा, ब्रज कला एवं ब्रज संस्कृति को समर्पित इस समारोह में देशभर के साहित्यकारों ने भाग लिया। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, गुजरात, महाराष्ट्र सहित 10 राज्यों से साहित्यकार नाथद्वारा पहुंचे। व्याख्यान, विचार-मंथन और साहित्यिक संवाद का आयोजन हुआ। समारोह के दौरान ब्रजभाषा कवि सम्मेलन, पुस्तकों का लोकार्पण तथा 103 साहित्यकारों, पत्रकारों और प्रतिभावान विद्यार्थियों को अलंकरण एवं मानद उपाधियों से सम्मानित किया गया। साहित्य मंडल के श्याम प्रकाश देवपुरा ने बताया- समारोह पिछले 40 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में ब्रजभाषा पर विशेष व्याख्यान, उपनिषद चर्चा और समस्या पूर्ति जैसे सत्र भी आयोजित हुए। मथुरा, डीग, उत्तराखंड और नंदगांव से आए साहित्यकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए आयोजन की सराहना की।


