राजसमंद जिले के नाथद्वारा में मंगलवार को श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए परिवार से बिछड़े 3 साल के बच्चे को सकुशल परिजनों से मिलवाया। बच्चा नाथद्वारा बस स्टैंड पर अकेला मिला था, जिसके बाद बस स्टैंड पर मौजूद लोगों ने बच्चे को अकेला देखकर श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तलाश कर परिजनों को खोज निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के परिजनों की तलाश शुरू की। आसपास के इलाके में पूछताछ की गई। साथ ही थाना सर्कल और सोशल मीडिया ग्रुप में बच्चे की जानकारी प्रसारित की गई। सालोर गांव का निकला बच्चा
तलाश के दौरान जानकारी मिली कि बच्चा सालोर गांव का निवासी है और अपने दादा-दादी के साथ नाथद्वारा आया था। परिजन गंगापुर जाने के लिए बस में बैठ गए थे, जबकि बच्चा बस स्टैंड पर ही रह गया। थाने पहुंचे परिजन, पहचान हुई
कुछ समय बाद बच्चे के परिजन थाने पहुंचे। दादा कस्तूरचंद पुत्र खेमराज सरगड़ा निवासी सालोर ने बच्चे को अपने पौत्र नारायण (3) के रूप में पहचान की। बच्चे ने भी अपने दादा और चाचा महावीर को पहचान लिया। नियमानुसार सौंपा गया बच्चा
शिनाख्त की पुष्टि के बाद नियमानुसार बच्चे को सुरक्षित रूप से परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली।


