छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बुजुर्ग महिला की हत्या मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। महिला ने नशे की हालत में आरोपी और उसके पूरे परिवार को गाली दी। इस पर गुस्से में आकर आरोपी ने नानी सास की साड़ी के पल्लू से गला दबाकर हत्या कर दी। फिर शव को सड़क किनारे गड्ढे में रखकर पहचान छुपाने के लिए उसके सिर को पत्थर से कुचल दिया। यह मामला थाना चंदौरा क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, 27 दिसंबर 2025 को ग्राम पटिया के सरपंच रुद्र प्रसाद ने ग्राम पहिया (कोशाबूपारा) सल्यापहरी जंगल में घाट पेंडारी जाने वाले रास्ते के किनारे एक महिला का शव देखा था। सरपंच ने इसकी सूचना चंदौरा थाना की पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव का सिर पत्थर से कुचला हुआ था, जिससे चेहरे की पहचान मुश्किल थी। पुलिस ने मौके से सबूत इकट्ठा किए और शव की पहचान के लिए जांच में जुट गई। जांच में शव की पहचान रनिया बाई (60 वर्ष) के रूप में हुई। महिला ग्राम दुरती की रहने वाली थी। उसके पति की 2022 में मौत हो चुकी थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। वह ग्राम डोमहत, चंदौरा निवासी अपने सौतेली नातिन के पति कमलेश चेचाम के घर जाकर रहती थी। नातिन के पति ने पूछताछ में जुर्म कबूला पुलिस ने संदेह के आधार पर दामाद कमलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी कमलेश ने जुर्म कबूल किया। आरोपी कमलेश ने बताया कि 20 दिसंबर 2025 की शाम, रनिया ने उसे अपने घर बुलाया। रास्ते में नशे की हालत में रनिया ने उसे और उसके पूरे परिवार को गाली-गलौज की। पोंडी तक आते-आते गुस्से में आकर उसने रनिया को जान से मारने का फैसला किया। आरोपी ने साड़ी के पल्लू से गला दबाकर मार डाला कमलेश ने बताया कि उसने रनिया को घर न ले जाकर ग्राम दरहोरा, डोमहत, मायापुर होते हुए ग्राम पहिया के जंगल में ले जाकर उसकी साड़ी के पल्लू से गला दबाकर हत्या कर दी। फिर शव को सड़क किनारे गड्ढे में रखकर पहचान छुपाने के लिए उसके सिर पर भारी पत्थर फेंक दिया। इसके बाद आरोपी ने रनिया का मोबाइल और झोला लेकर अपने घर के पास आग लगा दी। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल, मोबाइल और पत्थर बरामद किए। इस घटना में आरोपी कमलेश चेचाम, पिता बलराम सिंह, उम्र 42 साल, ग्राम डोमहत खुटहनपारा को गिरफ्तार किया गया।


