भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना साइबर क्राइम पुलिस ने नाबालिगों से संबंधित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड व प्रसारित करने के आरोप में व्यक्ति के खिलाफ पर्चा दर्ज किया है। एनसीएमईसी की ओर से जारी टिपलाइन रिपोर्ट के आधार पर संबंधित वीडियो की जानकारी भारतीय एजेंसियों को भेजी गई थी। जांच के दौरान साइबर क्राइम थाने में तैनात अधिकारियों ने पोर्टल पर प्राप्त टिपलाइन नंबर से जुड़ी वीडियो क्लिप की जांच की। प्रारंभिक जांच में वीडियो में सीएसईएएम चाइल्ड सेक्सुअल एक्सप्लोटिव एंड अब्यूज मेटेरियल, यानी नाबालिगों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री पाई गई। रिपोर्ट के अनुसार उक्त वीडियो एक फेसबुक आईडी के माध्यम से वायरल की गई थी। तकनीकी जांच में संबंधित मोबाइल नंबर अमृतसर के न्यू दशमेश नगर, पीर दरगाह कोट खालसा निवासी जर्मन के नाम पर जारी पाया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने 24 दिसंबर 2024 को छापेमारी कर आरोपी के घर से एक मोबाइल फोन बरामद किया। फोन को सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए स्टेट साइबर क्राइम लैब, मोहाली भेजा गया। मोहाली स्थित लैब से प्राप्त डिजिटल फॉरेंसिक रिपोर्ट में बरामद मोबाइल फोन में सीएसईएएम सामग्री मौजूद होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना साइबर थाना में मंगलवार को पर्चा दर्ज किया गया।


