भास्कर न्यूज | दुमका नाली का पानी घरों में घुसने से परेशान बाउरीपाड़ा के लोगों का सब्र शनिवार को जवाब दे गया। मोहल्ले के लोग सड़क पर उतर आए। दुधानी बाइपास को दो घंटे तक जाम कर दिया। कहा कि अब आश्वासन नहीं, समाधान चाहिए। जाम की सूचना पर नगर थाना के सहायक अवर निरीक्षक अशोक मिश्रा मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन किसी ने बात नहीं मानी। इसके बाद सदर सीओ अमर कुमार और दुधानी पंचायत की मुखिया जूली मरांडी पहुंचीं। सीओ ने कहा कि नाली निर्माण का काम प्रखंड कार्यालय का है। मुखिया ही इस पर कार्रवाई कर सकती हैं। मुखिया ने लोगों को आश्वासन दिया कि बीडीओ को जानकारी देकर जल्द नाली बनवाई जाएगी। इसके बाद लोगों ने जाम हटाया। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पीसीसी सड़क तो बन रही है, लेकिन नाली नहीं बन रही। घरों का गंदा पानी सड़क पर बहता है।