निकाय चुनाव:महापौर-अध्यक्ष पद के 990 और पार्षद के 9452 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद

प्रदेश में मंगलवार को नगरीय निकाय चुनावों के लिए मतदान के साथ ही महापौर व अध्यक्ष पद के लिए 990 और 9452 पार्षद प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। परिणाम 15 फरवरी को आएंगे। महापौर व अध्यक्ष भाजपा के सबसे अधिक 283 उम्मीदवार मैदान में हैं। इंडियन नेशनल कांग्रेस के 271, आम आदमी पार्टी के 26, बहुजन समाज पार्टी के 25 और 313 निर्दलीय प्रत्याशी भी मुकाबले में हैं। दिलचस्प है कि जनता कांग्रेस (जे) चुनाव में शामिल नहीं हुई। गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों में हमर छत्तीसगढ़ व अन्य दलों के 43 कैंडिडेट भी हैं।
नारायणपुर और बीजापुर में अध्यक्ष पद के आमने-सामने का मुकाबला हुआ। सबसे अधिक 302 उम्मीदवार जशपुर जिले में चुनाव लड़ रहे हैं। रायपुर जिले में 57, बलौदाबाजार में 45, जांजगीर-चांपा में 44, बिलासपुर में 34, कोरबा में 32 बेमेतरा में 30, बालोद व राजनांदगांव में 29-29 प्रत्याशी लड़ रहे हैं। दलगत उम्मीदवारों की बात करें तो सबसे ज्यादा भाजपा के 115 और कांग्रेस 114 प्रत्याशी जशपुर में आमने -सामने हैं। सीपीआई (एम) ने सुकमा में 2, बिलासपुर में 7 ही उम्मीदवार खड़े किए हैं। ननि में भाजपा शानदार व ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है: भाजपा
भाजपा सांसद और रायपुर निगम चुनाव के संयोजक बृजमोहन अग्रवाल तथा चुनाव सह-संयोजक राजेश मूणत ने चुनाव में स्वस्फूर्त मतदान के लिए जनता का आभार व्यक्त किया है। अग्रवाल और मूणत ने कहा कि मतदान ने यह साफ संदेश दे दिया है कि रायपुर नगर निगम में पिछले 15 वर्षों के कांग्रेस का कुशासन खत्म हो चुका है और भाजपा शानदार व ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है। दक्षिण उपचुनाव की तरह ही भाजपा रायपुर निगम में भी अपनी शानदार जीत का रिकॉर्ड बनाएगी। उन्हाेंने कहा कि मतदान के प्रति यह उत्साह और उमंग “अटल विश्वास पत्र” में व्यक्त भाजपा के संकल्पों और मोदी की गारंटी पर मुहर है। यह प्रदेश की मातृ–शक्ति का भाजपा के प्रति विश्वासपूर्ण अनुग्रह का परिचायक है। रायपुर में शहर-सरकार बनते ही भाजपा अपने संकल्प पत्र पर पूरी ईमानदारी के साथ अमल करेगी। जनता ने भाजपा के पक्ष में किया मतदान: किरण देव भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव ने कहा कि नगरीय निकाय चुनावों में मतदान का प्रतिशत भाजपा के लिए काफी उत्साहजनक है। भाजपा का यह विश्वास फलीभूत होने जा रहा है कि सभी 10 नगर निगमों समेत सभी नगरपालिकाओं व नगर पंचायतों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो रहा है। कांग्रेस के भ्रष्टाचार और कुशासन से त्रस्त हो चुकी जनता का आक्रोश मतदान में व्यक्त हुआ है। लोकतंत्र के इस महापर्व में सुबह से ही जिस भारी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचे हैं, उससे यह स्पष्ट है कि जनता छत्तीसगढ़ में विकास की गंगा बहाने के लिए संकल्पित है। कांग्रेस के पक्ष में मतदान, अधिकांश निकाय जीतेंगे: बैज पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश भर से जो खबरें आ रही हैं उससे साफ हो गया है कि प्रदेश के सभी निकायों में कांग्रेस के पक्ष में मतदान हुआ है और राज्य के अधिकांश नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में कांग्रेस के उम्मीदवार चुनाव जीत कर आ रहे हैं। मतदान क्रेंद्र के बाहर कांग्रेस के पंडालों मे लगी मतदाताओं की भीड़ इस बात का स्पष्ट संदेश है कि जनादेश कांग्रेस के पक्ष में आयेगा। बैज ने कहा कि प्रदेश के अनेक स्थानों पर ईवीएम के बंद होने, बिगड़ने की शिकायतें आई, दुर्भाग्यजनक था लोगों को अपने मतदान का प्रयोग करने घंटों इंतजार करना पड़ा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *