भास्कर न्यूज| जांजगीर नगरीय निकायों के वार्डों की आरक्षण की स्थिति 19 दिसंबर तक स्पष्ट हो जाएगी। आरक्षण की कार्रवाई जिला मुख्यालय में जिला पंचायत के पास ऑडिटोरियम भवन में 19 दिसंबर किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारी पूरी कर ली है। ऑडिटोरियम में सुबह 10 बजे से देर शाम 5 बजे तक जिले के तीन नगर पालिका व 8 नगर पंचायतों के वार्डों का आरक्षण नगर पालिका अधिनियम (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, एवं महिलाओं के लिये वार्डों का आरक्षण) 1994 के प्रावधानों के तहत किया जाएगा। नगरपालिका जांजगीर-नैला के 25 वार्ड नपा चांपा के 27 वार्ड, नपा अकलतरा के 20 वार्ड, नगर पंचायत नवागढ़ शिवरीनारायण, सारागांव, बलौदा, नरिवरा, पामगढ़, राहौद, खरौद के 15-15 वार्डों में होगा। आरक्षण कार्रवाई का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक नगर पालिका जांजगीर-नैला, चांपा व अकलतरा के वार्डों के लिए आरक्षण कार्रवाई होगी। दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक नगर पंचायत नवागढ़, शिवरीनारायण, बलौदा सारागांव, दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक रहौद, खरौद, नरियरा व पामगढ़ नगर पंचायत के वार्ड वार आरक्षण कार्रवाई की जाएगी।