भास्कर न्यूज| जालंधर नगर निगम ने बकाया टैक्स और बिलों की वसूली के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। मेयर और कमिश्नर के निर्देशों पर ज़ोन नंबर 7 में कार्रवाई की गई। यह अभियान एस्टेट ऑफिसर-कम-चीफ टैक्स कलेक्टर अश्वनी गिल और सुपरिंटेंडेंट हरप्रीत वालिया की देखरेख में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने इंडस्ट्रियल एस्टेट क्षेत्र में उन संपत्तियों पर शिकंजा कसा, जिन्होंने लंबे समय से सीवरेज और पानी के बिलों का भुगतान नहीं किया था। मौके पर टीम ने 2,03,961/- रुपये की बकाया राशि वसूल की। इस दौरान निगम ने डिफाल्टर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की। जिन प्रॉपर्टी मालिकों ने बकाया भुगतान नहीं किया, तो उनके पानी और सीवरेज कनेक्शन काट दिए गए। वहीं क्षेत्र में बिना मंजूरी के चल रहे अवैध पानी और सीवरेज कनेक्शनों का पता लगाकर उन्हें तुरंत प्रभाव से बंद कर दिया गया। नगर निगम प्रशासन ने लोगों और उद्यमियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या कनेक्शन कटने की असुविधा से बचने के लिए अपने बकाया बिल समय पर जमा करवाएं।


