नगर निगम के परिषद सम्मेलन में मंगलवार को 26 प्रस्ताव रखे गए। 13 प्रस्ताव सर्वसम्मति और 13 प्रस्ताव बहुमत से पारित हुए। निगम मुख्यालय के श्री अटल बिहारी वाजपेयी परिषद सभागृह में सम्मेलन हुआ। शुरू में बाबा साहब आंबेडकर के अपमान और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी की माफी की मांग को लेकर आधे घंटे तक दोनों पक्ष भिड़ते नजर आए। स्वच्छता सर्वे के नए गान, फुट ओवर ब्रिज निर्माण, नर्मदा के तीसरे चरण के कामों को मंजूरी मिली। सुबह 11.30 बजे सम्मेलन शुरू हुआ। महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, विधायक महेंद्र हार्डिया, रमेश मेंदोला सहित एमआईसी सदस्य और पार्षद मौजूद थे। स्वच्छता गान, चिड़ियाघर में 14-डी सिनेमा थिएटर और वर्चुअल जंगल सफारी बनाने, गणेशोत्सव की झांकी निर्माण के लिए मिलों को अनुदान सहित विभिन्न संस्थाओं को अनुदान राशि दिए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। सारे ही प्रस्तावों को मंजूरी भी मिल गई। पार्षद सुरेश कुरवाड़े, महेश बसवाल, योगेश गेंदर, प्रणव मंडल, फौजिया शेख अलीम, सोनिला मिमरोट, शैफू वर्मा, चिंटू चौकसे, सीमा सोलंकी, यशस्वी पटेल ने सवाल किए। एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर, अश्विनी शुक्ला, निरंजन सिंह चौहान, राजेश उदावत, नंदकिशोर पहाड़िया ने सभी सवालों के जवाब दिए। मनीष मामा, जीतू राठौर भी मौजूद थे। यह प्रस्ताव भी पास हुए भदौरिया बोले- सटोरिये को सदन से बाहर करें कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया सामने बैठे एक पार्षद को देखकर कहने लगे, सटोरिये का यहां क्या काम है। सदन से बाहर करना चाहिए। इस पर किसी ने कहा कि तुम्हारे खिलाफ भी पहले केस दर्ज हो चुका है। इस पर विधायक महेंद्र हार्डिया ने कहा, व्यक्तिगत टीका-टिप्पणियों से बचें। नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह बाबा साहब आंबेडकर पर अभद्र टिप्पणी करते हैं। इस पर भाजपा पार्षद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के पोस्टर हाथ में लेकर सभापति मुन्नालाल यादव की आसंदी तक पहुंच गए। भाजपा पार्षदों ने शर्म करो… शर्म करो… के नारे लगाए। महापौर ने कहा, मैं विपक्ष के नेता को समय देता हूं कि सिर्फ चार अच्छाइयां बता दें। नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने शुरुआत महात्मा गांधी, नेहरू से की तो फिर भाजपा पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि बात आंबेडकर की चल रही है, आप इन्हें क्यों बीच में ला रहे हैं। इस पर पार्षद रुबीना खान ने कहा कि आपको सुनना पड़ेगा। उन्होंने महापौर को संबोधित करते हुए वानर सेना शब्द का इस्तेमाल भी किया। जिस पर हंगामा बढ़ा। एमआईसी सदस्य राजेश उदावत, अभिषेक शर्मा, पार्षद मनोज मिश्रा ने इस पर कड़ी आपत्ति ली। अपनी ही परिषद की घोषणा पर सवाल उठाया वार्ड 36 के पार्षद सुरेश कुरवाड़े ने खुद की परिषद से ही प्रश्न किया कि महापौर ने 2023-24 के बजट भाषण में 29 गांवों की 400 गेटेड कॉलोनियों के स्ट्रीट लाइट के बिजली बिल का वहन करने की घोषणा की थी। 18 माह बीत गए लेकिन उस घोषणा पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर बिजली विभाग प्रभारी जीतू यादव ने जवाब देते हुए कहा कि घोषणा में यह भी था कि जो कॉलोनियां 90 फीसदी तक टैक्स जमा करवाएंगी, उन्हें इसका फायदा दिया जाएगा लेकिन सिर्फ दो ही कॉलोनियों ने इस शर्त को पूरा किया है। पार्षद फौजिया शेख ने स्मार्ट सिटी कंपनी के तहत वाटर कूलर बंद होने और घटिया काम करने को लेकर घेरा। इस पर एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा ने कहा कि 3 करोड़ 88 लाख की लागत से 100 मशीनें शहर में लगाई गई थीं। स्टील की जगह इनमें प्लास्टिक के नल लगाने का मुद्दा उठा तो शर्मा बोले कि लोग चोरी कर लेते हैं। सोनिला मिमरोट ने नेहरू पार्क में हो रहे बेतहाशा निर्माण का मुद्दा उठाया। इस पर एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया ने कहा गांधी हॉल के पुनर्निर्माण के लिए थर्ड पार्टी को 14 करोड़ की लागत से टेंडर दिया है। हंगामा बढ़ा तो भाजपा पार्षद पटवारी के पोस्टर हाथ में लेकर सभापति की आसंदी तक पहुंच गए।


