बुहाना क्षेत्र सूरजगढ़ रोड पर जयसिंहपुर गांव के पास एक अनियंत्रित निजी बस ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला मुख्यालय रेफर किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान देवेंद्र निवासी भुरीवास के रूप में हुई है। देवेंद्र अपने साथी धनरूप गुर्जर के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव जखोड़ा की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जयसिंहपुर गांव के पास पहुंची, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार निजी बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और देवेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एम्बुलेंस की मदद से घायल धनरूप गुर्जर को बुहाना के सरकारी अस्पताल पहुँचाया। धनरूप की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देकर झुंझुनूं जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है, जहां से जयपुर रैफर कर दिया। देवेंद्र और धनरूप दोनों एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे। वे अपने काम के सिलसिले में ही बाहर निकले थे और वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। इस घटना के बाद मृतक देवेंद्र के परिवार में कोहराम मच गया है।


