धमतरी| छत्तीसगढ़ राज्य अशासकीय विद्यालय संचालक संघ बोर्ड से संबंधित सभी निजी विद्यालय में केंद्रीकृत 5वीं, 8वीं बोर्ड परीक्षा अनिवार्य रूप से आयोजित करने की मांग कर रहे थे। इसके अलावा बोर्ड परीक्षा में पूर्ववत पास-फेल की पद्धति वापस लागू करने की मांग भी गई है। प्रदेशाध्यक्ष सुबोध राठी एवं महासचिव मनोज पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 2024 में राज्य सरकारों को निर्देशित किया था कि 5वीं, 8वीं बोर्ड परीक्षा लागू की जाए। बीते वर्ष छत्तीसगढ़ शासन ने केंद्रीकृत 5वीं, 8वीं बोर्ड परीक्षा प्रारंभ की, लेकिन व्यवसायिक प्राइवेट स्कूलों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले तथाकथित प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन द्वारा शासन के खिलाफ हाईकोर्ट में जाकर इस परीक्षा को समय पर सूचना न देने के आधार पर निजी विद्यालयों के लिए परीक्षा को ऐच्छिक करवा दिया। वर्तमान सत्र में भी यह संगठन फिर से 5वीं, 8वीं बोर्ड परीक्षा को निरस्त करने की मांग कर रहा था। उच्च न्यायालय ने उनकी याचिका खारिज कर दी।


