निजी होटल में कर्मचारी की संदिग्ध हालात में मौत:परिजनों ने करंट लगने का आरोप लगाया, पुलिस जांच जारी

झालावाड़ में एक निजी होटल के कर्मचारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। यह घटना बीती रात शहर के नजदीक स्थित होटल में हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बारां जिले के छीपाबड़ौद निवासी हरिराम भील (35) पुत्र रामनारायण के रूप में हुई है। हरिराम पिछले डेढ़ साल से इस निजी होटल में टेंट का काम कर रहा था। परिजनों के अनुसार, बीती रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद साथी उसे बेहोशी की हालत में झालावाड़ अस्पताल ले गए। अस्पताल में इलाज के दौरान हरिराम की मौत हो गई। अस्पताल चौकी पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और मंडावर पुलिस को सूचना दी। रविवार को सीआई पवन मीणा और एएसआई इशाक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से रिपोर्ट लेकर शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। मौत के प्रारंभिक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में मामला दर्ज किया है। परिजनों की ओर से मृतक के भाई प्रहलाद भील ने लाइट के पाइप से करंट लगने से मौत होने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। मृतक हरिराम अपने घर में अकेला कमाने वाला था और उसके पांच बच्चे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *