लुधियाना| छात्रों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने दुगरी रोड स्थित श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल के बाहर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 16 चालान काटे गए। एक वाहन को जब्त किया गया, जबकि सार्वजनिक मार्ग पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाने के मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस टीम ने स्कूल के बाहर घूम रहे संदिग्ध युवकों पर भी नजर रखी और बिना कारण खड़े पाए गए लोगों को चेतावनी देकर हटाया। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छात्राओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया। साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाली मोटरसाइकिलों की भी जांच की गई। पुलिस ने ऐसे साइलेंसरों को शोर प्रदूषण का कारण बताते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। स्कूल के बाहर लगे रेहड़ी-फड़ी वालों की भी जांच की गई, ताकि छात्रों को किसी प्रकार का प्रतिबंधित या अवैध सामान न बेचा जाए। एडीसीपी गुरप्रीत कौर पुरेवाल ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य छात्रों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण देना है। उन्होंने बताया कि ऐसे औचक अभियान आगे भी जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


