आरयू के पीजी विभागों के शिक्षकों पर निरीक्षण का असर दिखने लगा है। शिक्षक निर्धारित समय तक अपने विभाग में रह रहे हैं। इस कारण एकेडमिक एक्टिविटी भी बढ़ी है। कब किस विभाग में वीसी आ जाएंगे यह किसी को पता नहीं है। गुरुवार को वीसी डॉ. अजीत कुमार सिन्हा ने पीजी के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में पीजी अंग्रेजी विभाग में पहुंचे। वहां क्लास चल रही थी। लेकिन एचओडी डॉ. पूनम सहाय विभाग नहीं पहुंची थी। डॉ. सहाय से मोबाइल पर वीसी ने बात की तो जवाब मिला कि पूजा के चलते विलंब हो गया है। समय पर नहीं आने के लिए एचओडी से जवाब देने के लिए कहा है। वीसी ने एचओडी से कहा कि समय पर आना है और निर्धारित समय तक रहना ही होगा। पीजी होम साइंस विभाग वीसी पहुंचे तो बाहर साफ-सफाई नहीं थी। इसके लिए जिम्मेवार को वीसी ने फटकार लगाई। पीजी होम साइंस विभाग में 29 मार्च को ताला लटका था, एचओडी समेत सभी सात शिक्षक-स्टाफ नहीं आए थे। इसका वजह वीसी ने एचओडी डॉ. किरण कुमारी से पूछा। एचओडी ने जवाब दिया कि जिस स्टाफ के पास चाबी रहती है, वह नहीं आया। इस कारण विभाग जो शिक्षक विभाग आए थे, वे वापस चले गए। वीसी के जाने के बाद एचओडी डॉ. किरण कुमारी ने जिम्मेवार स्टाफ पर कार्रवाई के लिए विवि मुख्यालय में लेटर भेजने की बात कही है। निरीक्षण के क्रम में वीसी के साथ प्रॉक्टर डॉ. मुकुंद मेहता भी थे। एंथ्रोपोलॉजी विभाग में एचओडी डॉ. दिनेश उरांव से एकेडमिक एक्टिविटी की जानकारी ली। पीजी इकोनॉमिक्स विभाग में सभी शिक्षक उपस्थित थे। ऐप से अटेंडेंस को लेकर प्रजेंटेशन आरयू में शिक्षकों का अटेंडेंस ऐप के माध्यम से आने वाले दिनों में बनेगा। इसके लिए सोमवार को वीसी समेत अन्य अधिकारियों के समक्ष प्रजेंटेशन दिया गया। आरयू प्रशासन का मानना है कि ऐप से अटेंडेंस बनने के बाद शिक्षक-स्टाफ को ड्यूटी के समय गायब रहना मुश्किल होगा। एक बार अटेंडेंस बना लेने के बाद शिक्षक-स्टाफ को शाम पांच बजे तक विवि के नजर में नजर में रहेंगे।


