निवाई में शॉर्ट सर्किट के चलते रूई के गोदाम में आग लग गई। घटना शाम 7:30 बजे की है। वार्ड नंबर 21 कसाइयों की गली में स्थित एक रुई गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। गोदाम के मालिक मोहम्मद आरिफ कुरैशी के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि मकान में दरारें पड़ गई। कमरे में रखा एसी और अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष दिलीप इसरानी और थाना अधिकारी रामजीलाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय अग्निशामक यंत्र के खराब होने के कारण टोंक से दमकल को बुलाया गया। दमकल के आने तक मोहल्ले के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। अग्निशमन दल के पहुंचने के बाद आग पर काबू पा लिया गया। अग्निशमन प्रभारी हनुमान गुर्जर ने बताया कि नगर पालिका की दमकल सर्विस में होने के कारण जिले से दमकल मंगवानी पड़ी। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए।


